70th BPSC Result: बीपीएससी परीक्षा में पूछे गए सवालों के स्तर पर लगातार सवाल उठाए गए थे. कई लोगों ने इसे बच्चों वाले सवाल का दर्जा दे दिया था. लेकिन इन आसान सवालों के जवाब देने में भी बीपीएससी अभ्यर्थियों के पसीने छूट गए.
- 70वीं बीपीएससी पीटी परीक्षा में 21,581 अभ्यर्थी सफल हुए.
- तीन आसान सवालों के जवाब देने में लाखों अभ्यर्थियों ने गलती की.
- केवल एक अभ्यर्थी ने 150 में से 120 से अधिक अंक प्राप्त किए
पटना:- बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं पीटी परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस परीक्षा में कुल 21,581 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. इस परीक्षा में करीब 3,29,890 उम्मीदवारों ने भाग लिया था. इसके साथ ही आयोग जल्द ही बीपीएससी 70वीं मेंस परीक्षा आयोजित कराने के लिए नोटिस भी जारी कर सकता है. आपको मालूम होगा कि इस परीक्षा में पूछे गए सवालों के स्तर पर लगातार सवाल उठाए गए थे. कई लोगों ने इसे बच्चों वाले सवाल का दर्जा दे दिया था. लेकिन इन आसान सवालों के जवाब देने में भी बीपीएससी अभ्यर्थियों के पसीने छूट गए. बेहद आसान सवालों का जवाब लाखों अभ्यर्थियों ने गलत दिया है. ऐसे कुल तीन सवाल हैं, जो देखने में बेहद आसान हैं, लेकिन इसका जवाब देने में लाखों बीपीएससी अभ्यर्थियों के पसीने छूट गए.
श्रेयसी सिंह कहां से विधायक हैं?
बीपीएससी द्वारा आयोजित 70वीं प्रीलिम्स परीक्षा में बिहार की एक विधायक को लेकर सवाल पूछा गया. एग्जाम में सवाल पूछा गया कि ‘विधानसभा सदस्या जिन्होंने पेरिस ओलंपिक 2024 में शूटिंग में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, बिहार के किस निर्वाचन क्षेत्र से चुनी गई?’ आपको जानकर ताज्जुब होगा कि 3.28 लाख अभ्यर्थियों में 1.70 लाख अभ्यर्थियों ने इसका जवाब गलत दिया.
विष्णुपद मंदिर से जुड़ा सवाल…
एक ऐसा ही प्रश्न विष्णुपद मंदिर से पूछा गया था. सवाल था, ‘बिहार में विष्णुपद योजना के अंतर्गत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 2024 के केंद्रीय बजट में निम्नलिखित में से किस केंद्र को प्रस्तावित किया गया है.’ इसके ऑप्शन में थे छपरा, सिवान, गया, पटना. इसका उत्तर था ‘गया’, क्योंकि विष्णुपद मंदिर गया में स्थित है. लेकिन एक लाख 49 हजार 973 यानी करीब 1.50 लाख अभ्यर्थियों ने इसका भी उत्तर गलत दिया.
बीपीएससी की ओर से परीक्षा में एक प्रश्न यह भी पूछा गया कि ‘सिख तीर्थ स्थल हरि मंदिर जी साहिब, जिसे दूसरा सबसे पवित्र तख्त माना जाता है, वो कहां स्थित है’. ऑप्शन दिए गए थे पटना, गया, भागलपुर और वैशाली. इस प्रश्न का सही उत्तर है पटना, लेकिन फिर भी 50503 अभ्यर्थियों ने इसका उत्तर गलत दिया.
150 में से मात्र एक के मार्क्स 120 पार
बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार ने कहा, “03 लाख 28 हजार 990 अभ्यर्थियों में सिर्फ एक अभ्यर्थी है, जिसने 150 में से 120 से अधिक अंक प्राप्त किया है. एग्जाम के बाद कुछ लोग कट ऑफ 120 जाने की बात कर रहे थे. 1409 ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिनका मार्क्स नेगेटिव में आया है. इनका मार्क्स 0 से भी कम है. 100 से अधिक अंक लाने वाले मात्र 1181 अभ्यर्थी हैं. 90 से 100 अंक लाने वाले 6344 अभ्यर्थी हैं. 75 से 90 अंक लाने वाले 29164 अभ्यर्थी हैं”.
